WhatsApp Forward
*पाँच हजार दोस्त और अंतिम यात्रा में चार आदमी*
अजय चौबे
शर्मा जी बड़े लोकप्रिय आदमी थे। फेसबुक पर पाँच हजार मित्र, इंस्टाग्राम पर तीन हजार फॉलोअर्स और व्हाट्सऐप पर सत्ताईस ग्रुपों के सम्मानित सदस्य।
सुबह आँख खुलने से पहले उनके मोबाइल पर सुप्रभात आ जाता था और रात को नींद आने के बाद भी शुभरात्रि आती रहती थी।
उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि जन्मदिन पर इतने संदेश आते कि धन्यवाद देते-देते अगला जन्मदिन आ जाता।
एक दिन शर्मा जी बीमार पड़ गए।
उन्होंने फेसबुक पर लिखा— “तबीयत कुछ ठीक नहीं है। दुआओं की जरूरत है।”
पंद्रह मिनट में चार सौ लाइक, दो सौ दिल और पचास लोगों ने लिखा— “गेट वेल सून सर!”
लेकिन दवा लाने वाला कोई नहीं आया।
अगले दिन उन्होंने लिखा— “अस्पताल में भर्ती हूँ।”
इस बार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
किसी ने हाथ जोड़ दिए, किसी ने फूल भेज दिए। एक सज्जन ने तो भगवान की तस्वीर भेजकर लिखा— “चमत्कार होगा!”
शर्मा जी ने जवाब दिया— “भाई, चमत्कार बाद में करवा देना, फिलहाल कोई अस्पताल आकर पानी पिला जाए।”
इस संदेश पर भी सैंतीस लाइक आ गए।
तीसरे दिन शर्मा जी चल बसे।
उनके बेटे ने फेसबुक पर सूचना डाली— “पिताजी नहीं रहे। अंतिम यात्रा कल सुबह दस बजे।”
पोस्ट वायरल हो गई।
दो हजार लोगों ने श्रद्धांजलि दी। पाँच सौ ने लिखा— “अपूरणीय क्षति।” सौ लोगों ने लिखा— “विश्वास नहीं होता!”
एक सज्जन ने तो भावुक होकर लिख दिया— “शर्मा जी मेरे अत्यंत घनिष्ठ मित्र थे। उनकी कमी जीवन भर खलेगी।”
मगर अंतिम यात्रा में कुल चार आदमी पहुँचे।
बेटे ने उस घनिष्ठ मित्र को फोन लगाया—
“अंकल, आप नहीं आए?”
उधर से उत्तर मिला— “बेटा, आना तो चाहता था, लेकिन आज बहुत व्यस्त हूँ। तुम्हारे पिताजी की श्रद्धांजलि वाली पोस्ट पर लगातार कमेंट आ रहे हैं। सबको जवाब देना पड़ रहा है!”
श्मशान में पंडित ने पूछा— “और कोई आने वाला है?”
बेटे ने मोबाइल देखते हुए कहा— “पंडित जी, पाँच हजार लोग ऑनलाइन हैं। थोड़ा इंतजार कर लीजिए।”
पंडित मुस्कराया— “बेटा, यहाँ लकड़ियाँ लगती हैं, लाइक नहीं!”
चिता जलने लगी।
उधर शर्मा जी की तस्वीर पर दिल बरस रहे थे।
एक मित्र ने लिखा— “आप हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे।”
दूसरे ने पूछा— “भाई साहब, अंतिम संस्कार की लाइव स्ट्रीमिंग नहीं है क्या?”
और तीसरे ने शर्मा जी को अपनी फ्रेंड लिस्ट से हटा दिया।
कारण?
अब वे उसकी पोस्ट पर लाइक नहीं कर सकते थे।
शाम को बेटे ने पिता का मोबाइल खोला। पाँच हजार मित्रों में से किसी ने यह नहीं पूछा था कि घर में बूढ़ी माँ ने खाना खाया या नहीं।
हाँ, एक नया नोटिफिकेशन जरूर आया था—
“शर्मा जी! आज आपके एक मित्र का जन्मदिन है। उन्हें शुभकामनाएँ देना न भूलें!”
बेटे ने मोबाइल बंद कर दिया।
उसे पहली बार समझ आया कि उसके पिता अकेले नहीं थे।
वे पाँच हजार लोगों की भीड़ में लापता थे।
और समाज?
समाज ने अगले दिन एक नया व्हाट्सऐप ग्रुप बना लिया—
“स्वर्गीय शर्मा जी स्मृति परिवार”।
ग्रुप में 248 सदस्य जुड़ गए।
पहला संदेश आया—
“कृपया इस ग्रुप में अनावश्यक संदेश न भेजें।”
दूसरा संदेश था—
“सुप्रभात! आपका दिन मंगलमय हो।”
और तीसरे दिन ग्रुप का नाम बदल गया—
“हैप्पी फ्रेंड्स फॉरएवर!”
अंतिम चोट
पहले दोस्त कंधा देने आते थे, अब कंधे पर हाथ रखने की इमोजी भेजते हैं।
पहले आदमी मरता था तो रिश्ते रोते थे, अब आदमी मरता है तो उसकी पोस्ट चलती है।
और शायद आने वाले समय में मृत्यु प्रमाणपत्र पर भी लिखा होगा—
“मृतक के पाँच हजार मित्र थे, किंतु मौके पर कोई उपलब्ध नहीं पाया गया।”
*सार सन्देश* :--
*आभासी दुनिया में ही सिमट के ना रह जाएँ , हक़ीक़त की दुनिया में अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराते रहें , क्योंकि हम जीव हैं , जीवित हैं , हम सब में जिवंतता शेष है* .
*जितना सम्भव हो मिलते रहिये* 🙏🤝
Comments
Post a Comment