शादी-ब्याह का मौसम❤️❤️❤️
शादी-ब्याह का मौसम आया, घर में मची दुहाई है,
सूट-बूट सब कोने में हैं, देसी ठाठ की बारी आई है।
पर धोती-कुर्ता, साड़ी-लहंगा, पहन के जो इतराते हैं,
सज-धज कर जब घर से निकलें, क्या-क्या कष्ट उठाते हैं!
सबसे पहले पुरुषों का सुनिए, धोती का जो जंजाल है,
बाँधने में पसीना छूटे, फिर भी ढीली चाल है।
एक हाथ से प्लेट संभालें, दूजे से ये लाज बचाएं,
कहीं बीच महफ़िल में भैया, गाँठ न अपनी खुल जाए!
कुर्ते की वो लंबी बाहें, सीधा दाल में जाती हैं,
रसगुल्ले की चाशनी भी, आस्तीन पे ही इतराती हैं।
पजामे का वो नाड़ा देखो, ऐन वक़्त पर अड़ जाता है,
अंदर ही अंदर गुम हो जाए, तो भारी संकट आता है!
अब ज़रा देवियों का हाल सुनें, जो भारी लहंगा पहनती हैं,
बीस किलो का वज़न उठाकर, फिर भी मीठा हँसती हैं।
पल्लू संभालें, पर्स संभालें, या फिर संभालें बाल,
ऊँची एड़ी की सैंडल में, डगमग होती चाल!
पिन पर पिन लगा-लगा कर, साड़ी को जब साध लिया,
बच्चों ने आ के पीछे से, पल्लू को ही खींच दिया।
पसीने से मेकअप बहता, पर मुस्कान न कम होती है,
फोटो खिंचाने की खातिर, हर पीड़ा सहन होती है!
कपड़ों की इस जंग में भैया, सबका यही फ़साना है,
ट्रेडिशनल के नाम पे बस, खुद को ही उलझाना है।
पर जब कोई कह दे 'वाह क्या लग रहे हो', सारा दर्द मिट जाता है,
अगले फंक्शन के लिए फिर से, नया जोड़ा सिल जाता है!
— वीना वानखेड़े
Comments
Post a Comment